Jamatara : नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत सोमवार को जिले में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा। दोपहर बाद तक मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, अपराह्न 3 बजे तक दोनों निकायों में लगभग आधे से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके थे।
मिहिजाम नगर परिषद में 49.19% मतदान
मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में दोपहर 3 बजे तक 49.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सुबह की तुलना में दोपहर बाद मतदान केंद्रों पर भीड़ कुछ ज्यादा नजर आई। कई जगहों पर महिलाएं और बुजुर्ग मतदाता लाइन में खड़े दिखे। प्रशासन की ओर से सभी बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
जामताड़ा नगर पंचायत में 52.31% वोटिंग
जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र में मतदान प्रतिशत थोड़ा ज्यादा रहा। यहां 3 बजे तक 52.31 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। शहर के कई वार्डों में युवाओं की भागीदारी खास रही। कुछ मतदान केंद्रों पर शुरुआती सुस्ती के बाद रफ्तार तेज हुई और दोपहर तक अच्छी खासी भीड़ जुट गई।
शांतिपूर्ण माहौल में चल रही प्रक्रिया
जिले के किसी भी हिस्से से अब तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार बूथों का निरीक्षण करते रहे। सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच मतदान प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्थित तरीके से चलती रही। अधिकारियों का कहना है कि शाम तक मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी की उम्मीद है। अब सबकी नजर अंतिम आंकड़ों पर टिकी है।
Also Read : जामताड़ा डीसी-एसपी खुद मैदान में, मतदान केंद्रों का लिया जायजा

