Jamtara : नगरपालिका (आम) चुनाव को लेकर सोमवार सुबह से ही जिले में हलचल रही। 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से जामताड़ा नगर पंचायत और मिहिजाम नगर परिषद में मतदान शुरू हो गया। दोनों निकायों के कुल 67 मतदान केंद्रों पर वोटिंग शांतिपूर्ण तरीके से जारी रही। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह डीसी रवि आनंद और एसपी राज कुमार मेहता खुद हालात का जायजा लेने मैदान में उतरे। उन्होंने कई बूथों का दौरा कर मतदान व्यवस्था देखी और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
इन मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
डीसी और एसपी ने जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय श्रीरामपुर, झारखंड राज्य विद्युत भवन, व्यापार मंडल, बाउरीपाड़ा, सहाना और गायछंद समेत कई केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के मध्य विद्यालय हलुदकनाली स्थित मतदान केंद्र सहित अन्य बूथों पर भी पहुंचकर व्यवस्थाओं को परखा। अधिकारियों ने मतदान कक्ष, मतदाता पंक्ति, सुरक्षा व्यवस्था और बूथ पर तैनात कर्मियों से बातचीत कर पूरी जानकारी ली।
निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान पर जोर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पीठासीन पदाधिकारियों और मतदान कर्मियों को साफ शब्दों में कहा कि वोटिंग पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए। उन्होंने खास तौर पर दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं की मदद सुनिश्चित करने को कहा, ताकि कोई भी मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे। साथ ही 100 मीटर की परिधि में लागू निषेधाज्ञा का सख्ती से पालन कराने का निर्देश भी दिया।
सुरक्षा व्यवस्था पर एसपी सख्त
पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा। उन्होंने साफ किया कि मतदान केंद्रों के आसपास किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस बल को सतर्क और सक्रिय रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया, ताकि मतदाता बिना किसी डर के मतदान कर सकें।
प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद
इस दौरान जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत और मिहिजाम नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read : बोकारो निकाय चुनाव : तीन बजे तक चास में 36.92% और फुसरो में 47.73% मतदान


