Palamu : मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहा है, शहर की सियासत गरमा गई है। गलियों से लेकर चौक-चौराहों तक चुनाव की चर्चा है। हर पार्टी अपने-अपने उम्मीदवार के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। इसी बीच चुनावी माहौल को और गर्माने के लिए आज यानी शनिवार को बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व सांसद जया प्रदा मेदिनीनगर पहुंच रही हैं।
भाजपा समर्थित प्रत्याशी के लिए करेंगी रोड शो
जया प्रदा भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी अरुणा शंकर के पक्ष में रोड शो करेंगी। उनके कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। जगह-जगह स्वागत की तैयारियां चल रही हैं। पार्टी नेताओं का मानना है कि जया प्रदा की मौजूदगी से चुनावी माहौल में नया जोश आएगा और मतदाताओं का ध्यान उनकी ओर खिंचेगा। रोड शो के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने की कोशिश होगी।
विकास के मुद्दे पर मैदान में अरुणा शंकर
मेयर प्रत्याशी अरुणा शंकर इस बार पूरी रणनीति के साथ चुनावी मैदान में उतरी हैं। वह अपने पिछले कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों को गिनाते हुए जनता से समर्थन मांग रही हैं। उनका कहना है कि शहर में शांति और विकास उनकी प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी। समर्थकों का दावा है कि उनके नेतृत्व में कई अहम योजनाएं पूरी हुईं, जिससे आम लोगों को सीधा फायदा मिला।
क्या बदलेंगे चुनावी समीकरण?
राजनीतिक जानकारों की मानें तो जया प्रदा का रोड शो भाजपा के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है। स्टार प्रचारक की मौजूदगी से चुनावी समीकरण प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। इससे मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है और विरोधी खेमे पर भी दबाव बढ़ेगा।
Also Read : आज शाम थम जायेगा प्रचार-प्रसार, प्रत्याशी डोर टू डोर कर सकेंगे संपर्क

