Simdega : सिमडेगा नगर परिषद के आम चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन ने साफ कर दिया है कि मतदान 23 फरवरी, सोमवार को होगा। उस दिन सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। पूरे शहर में चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
21 फरवरी शाम 5 बजे से लगेगा साइलेंस पीरियड
चुनाव नियमों के मुताबिक वोटिंग खत्म होने से 48 घंटे पहले प्रचार पूरी तरह बंद करना होता है। इसी के तहत 21 फरवरी को शाम 5 बजे से साइलेंस पीरियड लागू हो जाएगा। यानी इसके बाद कोई भी उम्मीदवार या समर्थक चुनाव प्रचार नहीं कर सकेगा।
100 मीटर के दायरे में सख्ती
प्रशासन ने साफ कहा है कि मतदान केंद्र के 100 मीटर के भीतर किसी भी तरह का प्रचार नहीं होगा। वहां न पोस्टर-बैनर लगेंगे और न ही समर्थकों की भीड़ जमा करने की इजाजत होगी। अगर कोई ऐसा करता पकड़ा गया तो कार्रवाई तय है।
रैली, जुलूस और लाउडस्पीकर पर रोक
21 फरवरी शाम 5 बजे के बाद शहर में न तो कोई सभा होगी, न रैली निकलेगी और न रोड शो होगा। लाउडस्पीकर या किसी भी तरह के ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल पर भी पूरी तरह रोक रहेगी।
घर-घर प्रचार और सोशल मीडिया भी बंद
साइलेंस पीरियड के दौरान डोर टू डोर कैंपेनिंग भी नहीं की जा सकेगी। इसके अलावा अखबार, टीवी, सोशल मीडिया या किसी भी माध्यम से चुनावी प्रचार नहीं चलेगा। मतदाताओं को सीधे या घुमा-फिराकर प्रभावित करने की कोशिश भी नियम के खिलाफ मानी जाएगी।
धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने आम लोगों और उम्मीदवारों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराने में सहयोग दें। प्रशासन का कहना है कि अगर कोई भी व्यक्ति नियम तोड़ता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शहर में चुनाव को लेकर माहौल गरम है, लेकिन 21 फरवरी शाम 5 बजे के बाद पूरी तरह शांति रहेगी और 23 फरवरी को जनता अपने प्रतिनिधि चुनने के लिए मतदान करेगी।
Also Read : अपहरण कर ह’त्या मामले में जनक प्रसाद दोषी करार, सजा की बिंदु पर शनिवार को सुनवाई

