Ranchi : झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी से शुरू हो चुका है और आज यानी गुरुवार को इसका दूसरा दिन है। यह सत्र 19 मार्च तक चलेगा। कुल 17 कार्यदिवस तय किए गए हैं, जिनमें बजट के साथ-साथ राज्य की योजनाओं, नीतियों और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी।
पहले पाली में प्रश्नकाल, दूसरी पाली में धन्यवाद प्रस्ताव
गुरुवार को सदन की पहली पाली में प्रश्नकाल होगा। इस दौरान विधायक अपने अल्पसूचित और तारांकित प्रश्न पूछेंगे और संबंधित विभागों के मंत्री उनके जवाब देंगे। इसके अलावा शून्यकाल की सूचनाएं भी ली जाएंगी, जहां सदस्य तत्काल जनहित के मुद्दे उठा सकेंगे। दूसरी पाली में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव लाया जाएगा और उस पर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि इस बहस में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही अपनी-अपनी बात मजबूती से रखेंगे।
पहले दिन सभापतियों का मनोनयन और समिति का गठन
सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने सभापतियों का मनोनयन किया और कार्यमंत्रणा समिति का गठन किया। सभापतियों में स्टीफन मरांडी, सीपी सिंह, निरल पूर्ति, रामचंद्र सिंह और नीरा यादव को जिम्मेदारी दी गई है। कार्य-मंत्रणा समिति में अध्यक्ष के तौर पर स्पीकर खुद रहेंगे। सदस्यों में हेमंत सोरेन, राधाकृष्ण किशोर, बाबूलाल मरांडी, प्रदीप यादव, निरल पूर्ति और अरूप चटर्जी शामिल हैं। विशेष आमंत्रित सदस्यों में दीपक बिरूआ, सीपी सिंह, मथुरा प्रसाद महतो, नवीन जायसवाल, स्टीफन मरांडी, सरयू राय, सुरेश पासवान, जनार्दन पासवान, बसंत सोरेन, नीरा यादव, कल्पना सोरेन, निर्मल महतो और जयराम महतो के नाम हैं। विधानसभा के प्रभारी सचिव समिति के सचिव की भूमिका निभाएंगे।
“लोकतंत्र की ताकत सार्थक संवाद में”
अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने अपने शुरुआती संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत सार्थक संवाद में होती है। उन्होंने साफ कहा कि आलोचना हो, बहस हो, विचारों का आदान-प्रदान हो – लेकिन सदन की गरिमा और अनुशासन बना रहना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सत्र में होने वाली बहस तथ्यपरक, तर्कसंगत और जनता से जुड़ी होगी। उनके मुताबिक बजट सत्र सिर्फ आय-व्यय का हिसाब नहीं होता, बल्कि यह राज्य की विकास दिशा तय करने वाला दस्तावेज भी होता है।
24 फरवरी को पेश होगा नया बजट
स्पीकर ने बताया कि इस सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 का तृतीय अनुपूरक बजट भी पेश किया जाएगा। वहीं 24 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट सदन में रखा जाएगा। बजट पर चर्चा के दौरान विधायकों को अनुदान मांगों पर बहस, कटौती प्रस्ताव और नीतिगत सुझाव देने का मौका मिलेगा। इससे राज्य की प्राथमिकताएं और संसाधनों के बंटवारे की दिशा तय होगी।
निकाय चुनाव के चलते बदली तारीख
राज्य में नगर निकाय चुनाव के चलते 23 फरवरी को मतदान होना है। इसी वजह से 23 फरवरी को होने वाली सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है। अब उस दिन की कार्यवाही 21 फरवरी को ही होगी। यह फैसला कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में लिया गया, जिसमें स्पीकर रबींद्रनाथ महतो और सीएम हेमंत सोरेन समेत अन्य सदस्य मौजूद थे।
Also Read : मनोज कौशिक समेत कई IPS अधिकारी केंद्र में IG रैंक में इम्पैनल

