Ranchi : आरपीसी मीडिया कप 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में खेल का रोमांच देखने लायक था। जेके क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए मुकाबलों में गंगा और अमानत की टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर दी। दोनों टीमों ने अपने विरोधियों को मात देते हुए ये साफ कर दिया कि आगे मुकाबला कोई आसान नहीं होगा।
गंगा ने भैरवी को 8 विकेट से हराया
पहले क्वार्टर फाइनल में भैरवी और गंगा आमने-सामने थीं। भैरवी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में 8 विकेट खोकर 145 रन बनाए। नवल किशोर ने 55 रन की पारी खेली, वहीं विक्की कुमार ने 26 रन जोड़े। गंगा की तरफ से संतोष कुमार ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट 24 रन देकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
146 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गंगा की टीम ने आक्रामक अंदाज अपनाया और मात्र 13.2 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाकर मैच 8 विकेट से अपने नाम कर लिया। समीर सृजन ने नाबाद 48 रन की जोरदार पारी खेली, वहीं सतीश कुमार ने 40 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस शानदार प्रदर्शन के लिए समीर सृजन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

अमानत ने कोनार को 10 विकेट से हराया
दूसरे क्वार्टर फाइनल में कोनार और अमानत की भिड़ंत हुई। इस मैच में अमानत ने शुरुआत से ही दबदबा बना लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोनार की टीम 13 ओवर में मात्र 57 रन पर ऑल आउट हो गई। मनीष सिंह ने 21 रन बनाकर संघर्ष दिखाया।
अमानत की तरफ से अमित कुमार ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट सिर्फ 11 रन में झटके। शमीम राजा ने 3 विकेट 20 रन में और राकेश सिंह ने 2 विकेट 7 रन में चटकाए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी अमानत की टीम ने केवल 3 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 63 रन बनाकर मुकाबला 10 विकेट से जीत लिया। शमीम राजा ने नाबाद 54 रन की तूफानी पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब हासिल किया।
सेमीफाइनल का रोमांच
गंगा और अमानत की ये जीत साफ कर देती है कि सेमीफाइनल में मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है। दोनों टीमों का प्रदर्शन शानदार रहा और अब फैंस को दिल थामकर इस मुकाबले का इंतजार रहेगा।
Also Read : पैसों के झगड़े में दोस्त बना दुश्मन, थार से कुचल कर उतारा मौ’त के घाट

