Patratu : रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में बीते रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
PVUNL पावर प्लांट में मजदूर था मृतक
मृतक की पहचान रौनक कुमार शाह के रूप में हुई है। वह निर्माणाधीन पीवीयूएनएल (PVUNL) पावर प्लांट में लॉयल टैंक सीएचपी ऑपरेशन मैनपावर में मजदूर के तौर पर काम करता था। रोज की तरह कल भी वह ड्यूटी खत्म कर वापस लौट रहा था।
ग्रिड के पास सड़क किनारे मिला घायल अवस्था में
जानकारी के अनुसार, पतरातू थाना क्षेत्र स्थित ग्रिड के पास सड़क किनारे रौनक गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा मिला। उसी समय ड्यूटी से लौट रहे उसके कुछ सहकर्मियों की नजर सड़क पर पड़े युवक पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उन्होंने उसे पहचान लिया और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसे की आशंका
सहकर्मियों का कहना है कि रौनक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया होगा। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गया। हादसा देर रात हुआ, जिस वजह से किसी को तुरंत इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक आसपास किसी वाहन के रुकने या मदद करने के कोई संकेत नहीं मिले, जिससे हिट एंड रन की आशंका जताई जा रही है।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सूचना मिलने के बाद पतरातू पुलिस मौके पर पहुंची। सहकर्मियों और पुलिस की मदद से रौनक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पतरातू लाया गया। यहां चिकित्सक डॉ अरविंद कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में शोक का माहौल छा गया।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला था रौनक
पुलिस के अनुसार, रौनक कुमार शाह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला था। वह रोजगार की तलाश में पतरातू आया था और पीवीयूएनएल पावर प्लांट में काम कर रहा था। घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी गई है।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
पतरातू थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : HEC बेचेगी 500 एकड़ जमीन! 5500 करोड़ जुटाने की योजना पर फैसला जल्द


