Ranchi : रांची के सोनाहातू में हुई दिल दहलाने वाली हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। मामले में पुलिस ने मृतक की प्रेमिका सुलोचना देवी और उसके पति क्षेत्रपति महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बुंडू एसडीपीओ ओम प्रकाश ने मीडिया को बताया कि पहले प्रेमी को फोन कर बुलाया गया, फिर बेरहमी से उसका कत्ल कर दिया गया।
फोन कॉल से शुरू हुई खौफनाक कहानी
मृतक की पहचान हरिहर महतो के रूप में हुई है। हरिहर का अपने ही गांव की शादीशुदा महिला सुलोचना देवी से प्रेम संबंध था। दोनों अक्सर फोन पर बात करते थे और मिलते भी थे। इसी दौरान महिला के पति क्षेत्रपति महतो को इस रिश्ते की भनक लग गई। इसके बाद पति-पत्नी ने मिलकर हरिहर को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
मिलने बुलाया और पहले से घात लगाए बैठे थे
बुंडू एसडीपीओ के मुताबिक योजना के तहत सुलोचना देवी ने हरिहर को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। हरिहर तय जगह पर जैसे ही पहुंचा, वहां पहले से सुलोचना, उसका पति क्षेत्रपति और उनका एक साथी मौजूद था। मौका मिलते ही तीनों ने हरिहर पर हमला कर दिया और उसे बेरहमी से मार डाला।
हत्या के बाद हैवानियत की सारी हदें पार
आरोपियों ने सिर्फ हत्या ही नहीं की, बल्कि शव के साथ भी अमानवीय व्यवहार किया। पुलिस के अनुसार हरिहर का सिर धड़ से अलग कर दिया गया था। उसके प्राइवेट पार्ट को भी काट दिया गया। पहचान मिटाने और सबूत छिपाने के लिए शव को कांची नदी के किनारे झाड़ियों के बीच दलदल में दबा दिया गया और ऊपर से मिट्टी डाल दी गई।
31 जनवरी से था लापता युवक
हरिहर महतो बीते 31 जनवरी की शाम घर से यह कहकर निकला था कि वह गांव की ही एक महिला से मिलने जा रहा है। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो 3 फरवरी को सोनाहातू थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
तकनीकी जांच से खुला राज
रांची एसएसपी राकेश रंजन ने मामले को गंभीरता से लेते टीम गठित की। गठित टीम ने मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। इसी दौरान शक की सुई सुलोचना देवी पर जाकर टिकी। पूछताछ में उसने और उसके पति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पूरे हत्याकांड का खुलासा हुआ।
हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद
बुंडू एसडीपीओ ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई बांस की बल्ली, खून से सना काले रंग का दुपट्टा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
Also Read : बहन की शादी वाले दिन भाई की दर्दनाक मौ’त… जानें कैसे


