Palamu : जिस घर में शहनाई बजने वाली थी, वहां अचानक चीख-पुकार गूंजने लगी। मनातू थाना क्षेत्र के रहैया गांव में सोमवार को एक सड़क हादसे ने पूरे माहौल को बदलकर रख दिया। बहन की शादी की तैयारियों में जुटा 20 वर्षीय युवक अकबर अंसारी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
शादी की तैयारी में निकला था, रास्ते में हो गया हादसा
गांव के अलीम अंसारी का बेटा अकबर अंसारी अपनी बहन की शादी के लिए सामान खरीदने दोपहिया वाहन से मनातू होते हुए पदमा जा रहा था। घर में मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू हो चुका था, रिश्तेदार जुट चुके थे और हर तरफ खुशियों का माहौल था। इसी बीच कुसडी गांव में कार्तिक उरांव उच्च विद्यालय के पास सामने से आ रहे एक अन्य बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
दूसरी बाइक पर परीक्षा देकर लौट रहे थे छात्र
दूसरी बाइक पर चक पंचायत के अदौरिया गांव निवासी पुनिल कुमार अपनी चचेरी बहनों सोनी कुमारी और पूजा कुमारी के साथ सवार था। बताया जा रहा है कि तीनों मैट्रिक की परीक्षा देकर घर लौट रहे थे। हादसे में अकबर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, फिर किया गया रेफर
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घायलों को तुरंत मनातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
शादी की खुशियां बदलीं मातम में
जिस घर में बारात आने वाली थी, वहां अब सन्नाटा पसरा है। रिश्तेदारों और गांव वालों की आंखें नम हैं। बहन की शादी की खुशी एक पल में गम में बदल गई। पूरे रहैया गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे की चर्चा कर रहा है।
Also Read : राज्यपाल ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, रांची से ऋषिकेश तक सीधी ट्रेन चलाने की मांग


