Dhanbad : धनबाद के सबसे बड़े सरकारी हॉस्पिटल SNMMCH में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला के निरीक्षण के कुछ ही घंटे बाद हॉस्पिटल में आग लग गई। जिस हॉस्पिटल की बदहाल व्यवस्था पर संयुक्त सचिव ने नाराजगी जताई थी, वहीं अचानक आग की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्त्री एवं प्रसूति विभाग के कार्यालय में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, बीते शाम हॉस्पिटल के स्त्री एवं प्रसूति विभाग के कार्यालय में अचानक आग भड़क उठी। कार्यालय से धुआं उठता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
फौरन शुरू हुआ आग बुझाने का प्रयास
आग की सूचना मिलते ही हॉस्पिटल के कर्मियों और सुरक्षाकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। बाद में दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
कई अहम फाइलें जलकर खाक
हालांकि जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन आग में विभाग की कई अहम फाइलें और दस्तावेज जलकर खाक हो गए। इससे प्रशासनिक कामकाज को बड़ा झटका लगा है। आग लगने की असली वजह फिलहाल साफ नहीं हो पाई है।
निरीक्षण के दौरान व्यवस्था देख भड़के थे संयुक्त सचिव
बताया जा रहा है कि इससे कुछ घंटे पहले ही संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला हॉस्पिटल के निरीक्षण पर पहुंचे थे। उन्होंने सबसे पहले ओपीडी का जायजा लिया। मेडिसिन विभाग में पहुंचते ही टूटे-फूटे टेबल, पर्दों की कमी और जरूरी उपकरणों के अभाव को देखकर वह काफी नाराज हुए। उन्होंने मौके पर मौजूद डॉक्टरों और अधिकारियों से साफ शब्दों में पूछा—
“क्या किसी मेडिकल कॉलेज की हालत ऐसी हो सकती है?”
तुरंत सुधार के दिए थे निर्देश
संयुक्त सचिव ने मौके पर ही सभी जरूरी सामान की तत्काल खरीद कर व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। साथ ही निरीक्षण के दौरान कुछ डॉक्टर और कर्मी अनुपस्थित पाए गए।
अनुपस्थित कर्मियों पर सख्ती
इस पर संयुक्त सचिव ने कड़ा रुख अपनाते हुए अनुपस्थित डॉक्टरों और कर्मियों का वेतन काटने और उनसे कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया।
आग की घटना ने खड़े किए कई सवाल
संयुक्त सचिव के जाने के कुछ ही घंटे बाद आग की इस घटना ने कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी किसी भी तरह के कारण या साजिश की पुष्टि नहीं की गई है।
जांच के बाद ही खुलेगा राज
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आग कैसे लगी, इसकी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ पाएगी। फिलहाल सभी बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और मामले की पड़ताल की जा रही है।
Also Read : PNB में अप्रेंटिस के 5 हजार से अधिक पदों पर नौकरी का मौका


