भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर राज्य सरकार और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा की ओर से JPSC कार्यालय का घेराव निर्धारित है. इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी कार्यालय की ओर कूच कर उसका भी घेराव करेंगे.
परीक्षा पेपर लीक को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि झारखंड में पिछले छह वर्षों से कांग्रेस के समर्थन से सरकार चल रही है, लेकिन इस दौरान लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की शिकायतें सामने आती रही हैं. उन्होंने कहा कि JPSC, CGL, SSC, उत्पाद सिपाही और शिक्षक नियुक्ति समेत कई परीक्षाओं के पहले प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप लगते रहे हैं.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि आखिर किसके संरक्षण और किसके इशारे पर प्रश्नपत्र लीक किए जा रहे हैं. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं के रोजगार और भविष्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर कांग्रेस क्यों मौन है.
युवाओं से JPSC घेराव और कांग्रेस कार्यालय मार्च में शामिल होने की अपील
आदित्य साहू ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस सरकार में रहकर सत्ता का लाभ ले रही है और दूसरी तरफ दिल्ली में प्रदर्शन और राजनीतिक नाटक कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड के युवाओं को रोजगार से वंचित किया जा रहा है और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है.
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पहले JPSC कार्यालय का घेराव करेंगे और इसके बाद कांग्रेस पार्टी कार्यालय की ओर मार्च कर उसका घेराव करेंगे. आदित्य साहू ने झारखंड के युवाओं से भी इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र लोकलाज से चलता है, लेकिन कांग्रेस लोकलाज को ताक पर रखकर काम कर रही है. उन्होंने युवाओं से झारखंड के सम्मान, अपने भविष्य और अधिकारों के लिए JPSC कार्यालय घेराव में शामिल होने और कांग्रेस कार्यालय के घेराव में भी भाग लेने का आह्वान किया.
भाजपा ने JPSC को क्यों कहा झारखंड परीक्षा संकट आयोग?

