Ranchi : राजधानी रांची के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर में खलबली मच गई। जैसे ही इस ईमेल की जानकारी प्रशासन को मिली, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं। सुरक्षा के लिहाज से एहतियात बरतते हुए सिविल कोर्ट परिसर को पूरी तरह खाली करा लिया गया। कोर्ट में मौजूद जज, वकील, कर्मचारी और आम लोग सुरक्षित बाहर निकाले गए। कुछ देर के लिए कोर्ट का कामकाज भी ठप हो गया।
बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की जांच
मामले की सूचना मिलते ही जगुआर की बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कोर्ट परिसर के हर हिस्से की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। बिल्डिंग, पार्किंग और आसपास के इलाकों में भी तलाशी ली जा रही है।
आने-जाने वालों पर कड़ी नजर
सिविल कोर्ट के आसपास मौजूद हर आने-जाने वाले की सघन जांच की जा रही है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
साइबर सेल कर रही ईमेल की जांच
धमकी भरे ईमेल की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को भी जांच में लगा दिया गया है। ईमेल कहां से भेजा गया, किस आईपी एड्रेस का इस्तेमाल हुआ और इसके पीछे कौन है, इसकी पूरी पड़ताल की जा रही है।
मौके पर मौजूद रहे आला अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय भी मौके पर पहुंच गए और पूरे सर्च ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, जांच पूरी होने के बाद ही आगे की जानकारी दी जाएगी। फिलहाल सिविल कोर्ट और उसके आसपास का इलाका पुलिस छावनी में तब्दील है और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी खतरे को लेकर कोई चूक नहीं करना चाहतीं।
Also Read : धनबाद के इस गांव में चल रहा था नकली शराब का कारोबार, माल के साथ एक गिरफ्तार


