Ranchi : राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में अगले 24 घंटों के दौरान ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से राज्य में तापमान में गिरावट शुरू होगी। खासकर रात के समय ठिठुरन बढ़ेगी और सुबह के समय कुहासा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले पांच दिनों के भीतर रांची के न्यूनतम तापमान में करीब तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को सुबह और रात के समय अधिक ठंड महसूस होगी। राजधानी और आसपास के इलाकों में सुबह हल्के से मध्यम कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।
बुधवार को रहा आंशिक बादल, अब साफ होगा मौसम
बुधवार को रांची समेत राज्य के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए रहे। हालांकि शुक्रवार से आसमान साफ होने की संभावना है। मौसम साफ होने के बाद उत्तर दिशा से आने वाली सर्द हवाओं का असर बढ़ेगा, जिससे ठंड और तेज होगी। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को रांची का न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री और अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 26.3 और न्यूनतम 13.2 डिग्री रहा था। अभी अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें भी गिरावट आएगी।
आठ फरवरी तक बना रहेगा ठंड का असर
मौसम विभाग का अनुमान है कि आठ फरवरी तक राज्य में ठंड का असर बना रह सकता है। इस दौरान रात के समय तापमान में ज्यादा गिरावट होगी, जिससे ठिठुरन बढ़ेगी। लोगों को गर्म कपड़ों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
कुछ जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को पलामू, गढ़वा और चतरा जिलों में घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में दृश्यता 50 से 100 मीटर तक रह सकती है, जिससे सड़क पर चलने वालों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी। रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।
हिमालय की बर्फबारी से बढ़ी ठंड
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई बर्फबारी और उत्तर भारत में हुई बारिश के बाद ठंडी हवाएं झारखंड तक पहुंच रही हैं। इसी कारण राज्य में ठंड का असर बढ़ रहा है।
रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव हो रहा है। अगले 24 घंटों के बाद ठंड और बढ़ सकती है। न्यूनतम के साथ-साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है।
इन जिलों में ज्यादा ठंड का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार खूंटी, गुमला, पलामू, हजारीबाग और रामगढ़ में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और खरसावां जिलों में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्का कोहरा और दिन में ठंडी हवाएं लोगों को ठंड का एहसास कराएंगी।
लोगों को बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है। कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और धीमी गति से चलने को कहा गया है। आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने से जनजीवन पर असर पड़ सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
Also Read : जमशेदपुर में आतंकी हमले की आशंका, पुलिस और खुफिया विभाग अलर्ट


