Ranchi : झारखंड सीआईडी की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर 2 करोड़ 7 लाख रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। यह मामला साइबर थाना कांड संख्या 160/25 के तहत 16 दिसंबर 2025 को दर्ज किया गया था। पीड़ित ने पुलिस को बताया था कि उसे फर्जी निवेश योजना के जरिए ठगी का शिकार बनाया गया।
व्हाट्सएप ग्रुप से शुरू हुई ठगी
जांच में सामने आया है कि ठगों ने पीड़ित को “DIGITAL ASSETS” नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा था। इस ग्रुप में रोजाना आकर्षक ट्रेडिंग ऑफर और मुनाफे के स्क्रीनशॉट भेजे जाते थे, जिससे लोगों का भरोसा बनाया जाता था। इसके बाद पीड़ित को “GLOBIXVAULT” नाम का एक फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करवाया गया। इस ऐप पर नकली मुनाफा दिखाकर उसे और ज्यादा निवेश के लिए उकसाया गया।
अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराए पैसे
ठगों के झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में करीब 2.07 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर दिए। कुछ दिनों बाद जब पैसे निकालने की कोशिश की गई तो संपर्क टूट गया। तब जाकर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई।
बंगाल से पकड़ा गया आरोपी
मामले की जांच के दौरान झारखंड सीआईडी की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक आरोपी की पहचान की। इसके बाद उत्तरी 24 परगना पुलिस के सहयोग से पश्चिम बंगाल से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी का नाम अभिषेक बेरा (26) है। वह थाना घोला क्षेत्र के मुरागच्छा, जगबेरिया का रहने वाला है।
लैपटॉप, मोबाइल और डेबिट कार्ड बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, पांच डेबिट कार्ड और कई अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़े साइबर ठगी गिरोह से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस उसके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस की अपील: निवेश से पहले जांच जरूरी
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया, व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर मिलने वाले निवेश ऑफर से सावधान रहें।
- अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
- किसी भी अनधिकृत ऐप में पैसा न लगाएं।
- बिना जांच-पड़ताल के किसी खाते में पैसे ट्रांसफर न करें।
- केवल सरकारी मान्यता प्राप्त प्लेटफॉर्म पर ही निवेश करें।
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
अगर कोई साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या [www.cybercrime.gov.in](http://www.cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही नजदीकी थाना या साइबर सेल को भी सूचना दें।
Also Read : कंटाही घाट से जवान लड़के का श’व बरामद, ह’त्या की आशंका


