Jamshedpur : नशा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उलीडीह थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांधी मैदान से अवैध रूप से ब्राउन शुगर बेच रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 32 वर्षीय जितेंद्र कुमार उर्फ जितु के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 22 पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल वजन 4.12 ग्राम) और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
मामले का खुलासा करते हुए शनिवार को थाना प्रभारी मो. शारीक अली ने बताया कि एसएसपी को सूचना मिली थी कि उलीडीह थाना क्षेत्र के गांधी मैदान में कुछ लोग अवैध रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के बाद सिटी एसपी के निर्देश पर पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल बीती देर रात गांधी मैदान पहुंचा। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे। इसी दौरान पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर और मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Also Read : कंटाही घाट से जवान लड़के का श’व बरामद, ह’त्या की आशंका

