Gumla : झारखंड के गुमला जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 65 वर्षीय वृद्ध महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। यह घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के भठोली गांव की है जहां अज्ञात हमलावरों ने महिला के सिर पर पत्थर से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतका की पहचान शांति देवी के रूप में हुई है। परिजनों ने आशंका जताई है कि महिला की हत्या तंत्र-मंत्र और डायन-बिसाही के आरोप में की गई हो सकती है। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।
मृतका के पुत्र कमलेश रौतिया ने बताया कि उनकी मां पकरी टोली स्थित एक रिश्तेदार के दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। वहां से लौटने के बाद वे अपनी बेटी के घर जाने के लिए निकली थीं, जो उसी गांव के दूसरे टोली में रहती है। इसी दौरान रास्ते में उनकी हत्या कर दी गई।
घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों दामाद सुरेश रौतिया, पुत्र कमलेश भगत और पुत्रवधू बिंदिया कुमारी ने आशंका जताई है कि यह मामला डायन-बिसाही से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि महिला के साथ हत्या से पहले बेरहमी से मारपीट की गई थी। घटनास्थल पर महिला का दाहिना हाथ टूटा हुआ पाया गया, जिससे यह संकेत मिलता है कि पहले उनके साथ हिंसा की गई और बाद में सिर पर पत्थर से वार कर उनकी हत्या की गई।
परिजनों के अनुसार, मृतका के साथ पहले भी कुछ लोगों द्वारा मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं, जिन्हें आपसी स्तर पर सुलझा लिया गया था। हालांकि इस बार मामला गंभीर रूप ले गया और महिला की जान चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है।
Also Read : पार्टी विस्तार और चुनावी रणनीति पर मंथन, 1 फरवरी को JJD कार्यकारिणी बैठक

