Simdega : गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले रविवार की रात को लचरागढ़- बाड़ी ब्रेंडा रोड पर PLFI उग्रवादियों ने पोस्टर चिपकाकर इलाके में भय का माहौल बनाने की कोशिश की। इस दौरान कुछ अनजान व्यक्तियों ने सड़क किनारे काम कर रही कंपनी की कंस्ट्रक्शन साइट पर पोस्टर चिपकाए और साथ ही कंपनी के एक टैंकर व एक JCB को आग लगाने का प्रयास किया।
हालांकि, कंपनी के कर्मचारियों की सतर्कता के कारण दोनों वाहन जलने से बचा लिए गए। आग लगाने के तुरंत बाद ही कर्मियों ने बिना देर किए आग को बुझा दिया, जिससे कोई भी नुकसान नहीं हुआ। घटनास्थल पर चिपकाए गए पोस्टरों में ठेकेदार को चेतावनी दी गई थी कि संगठन की सलाह के बिना कोई काम न किया जाए, अन्यथा संगठन द्वारा कार्रवाई की धमकी दी गई थी।
पोस्टरबाजी के बाद कंपनी साइट पर काम करने वाले सभी कर्मचारी भयभीत हैं और घटनास्थल पर मौजूद कर्मी कैमरे पर बयान देने के लिए तैयार नहीं हैं। इस मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। सिमडेगा एसपी श्रीकांत राव खोटरे ने बताया कि “कुछ PLFI उग्रवादियों द्वारा क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश की गई। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।”
Also Read : गणतंत्र दिवस पर ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को मिला अशोक चक्र, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित


