Ranchi : पटना के मसौढ़ी में हुए एनकाउंटर के बाद पकड़े गए परमानंद यादव को लेकर कुख्यात गैंगस्टर राहुल सिंह ने प्रेस रिलीज जारी किया है। जारी रिलीज में राहुल सिंह ने दावा किया है कि परमानंद यादव उसका भाई है। उसका या उसके किसी भी साथी का लॉरेंस बिश्नोई गैंग या किसी अन्य आपराधिक गिरोह से कोई संबंध नहीं है। गैंगस्टर राहुल सिंह ने पुलिस और मीडिया से कहा है कि उसका नाम या उसके गिरोह के किसी सदस्य का नाम किसी अन्य गैंग से न जोड़ा जाए। उसने दावा किया कि उसके गैंग द्वारा बिहार में किसी भी व्यापारी को न तो धमकी भरे कॉल किए गए हैं और न ही किसी तरह के मैसेज भेजे गए हैं। राहुल सिंह ने यह भी कहा कि यदि प्रशासन के रिकॉर्ड में उनके या उनके किसी भी सदस्य के खिलाफ बिहार के किसी जिले में एफआईआर दर्ज दिखाई जाती है, तो वह पूरी तरह फर्जी है। उसका कहना है कि बिना पुष्टि के किसी तरह की अफवाह न फैलाई जाए। गैंगस्टर राहुल सिंह के नाम का यह प्रेस रिलीज अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। हालांकि इस रिलीज में कितना दम है, इसका आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं हो पाया है।

Also Read : झारखंड की रेल मांगें उठीं मजबूती से, रांची में हुआ मंथन


