Palamu : पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र से दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। दहेज की लगातार मांग और उत्पीड़न से परेशान होकर एक विवाहिता ने जहर खा लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, लातेहार जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र के मंगरा गांव निवासी प्रेम परहिया की बेटी सुषमा कुमारी की शादी वर्ष 2020 में छतरपुर थाना क्षेत्र के सुशीगंज निवासी धर्मेन्द्र परहिया से हुई थी। शादी के समय परिजनों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज दिया था, लेकिन इसके बावजूद सुषमा के पति धर्मेन्द्र परहिया द्वारा एक लाख रुपये नकद और मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर सुषमा को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर सुषमा ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए एमएमसीएच ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बेटी की मौत के बाद पिता प्रेम परहिया ने छतरपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। उनके बयान के आधार पर 15 जनवरी को कांड संख्या 4/26 के तहत धारा 80(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को सुशीगंज से आरोपी पति धर्मेन्द्र परहिया को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे मंगलवार दोपहर करीब दो बजे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस कार्रवाई में अनुसंधानकर्ता धर्मवीर कुमार यादव सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : कुख्यात मयंक सिंह को छत्तीसगढ़ पुलिस ने लिया रिमांड पर, उलगवा रही राज

