Ranchi : राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों के नाम संजय पांडेय, आशु कुमार साहु उर्फ बबलू, जुबैर खान उर्फ अजू, संतोष कुमार गुप्ता उर्फ बाबु, पप्पु साव और रोहित पांडेय बताये गये। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोडेड देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, स्कॉर्पियो, सात खाली खोखे, तीन पिलेट और आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वारदात को 17 जनवरी की रात करीब 9 बजे पिस्का मोड़ तेल मिल गली स्थित राजधानी मान्या टावर के पास अंजाम दिया गया था। गोलीबारी में तीन लोग घायल हुए थे। इस बात का खुलासा रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने किया है।
एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि लफड़ा कांके रिंग रोड के सुकरहुटू मनातु क्षेत्र की करीब तीन एकड़ जमीन को लेकर दो गुटों के बीच चल रहा था। उसी दिन दोपहर करीब एक बजे आकाश सिंह और विकास सिंह गुट का संजय पांडेय, रवि यादव और आशु साव उर्फ बबलू साव के गुट से मारपीट हुई थी। बाद में शाम को जमीन और पैसों के लेनदेन को लेकर दोबारा बातचीत के लिए दोनों पक्षों ने पिस्का मोड़ के पास मिलने का फैसला किया। रात में पहले आकाश सिंह और विकास सिंह अपने साथियों के साथ तीन गाड़ियों में मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद संजय पांडेय गुट भी तीन गाड़ियों में वहां पहुंचा। बातचीत के दौरान जमीन और पैसों को लेकर बहस बढ़ गई और इसी बीच संजय पांडेय गुट ने फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में आकाश सिंह के दाहिने हाथ में एक गोली लगी, जबकि विकास सिंह को सीने में दो और बाएं हाथ में एक गोली लगी। वहीं दूसरे गुट के रवि यादव के बाएं हाथ में गोली लगी और चेहरे के पास छर्रा लगा। घटना के बाद हमलावर स्कॉर्पियो और अन्य वाहनों से फरार हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आकाश सिंह और विकास सिंह का इलाज रिम्स, रांची में चल रहा है, जबकि रवि यादव का इलाज ऑर्किड अस्पताल में जारी है। घटनास्थल से पुलिस ने सात खाली खोखे बरामद किए हैं।
इस वारदार के बाद इलाके में तहलका मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय की देखरेख में टीम गठित की गयी। गठित टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की और छह संदेही गुनहगारों को धर दबोचा। सिटी एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी संजय पांडेय का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले भी हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।
Also Read : दिशाेम गुरु के बिना पहली बार मनाया जाएगा झामुमो का स्थापना दिवस, सीएम हेमंत पर संगठन की निगाहें


