Jamshedpur : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के धातुकर्म एवं सामग्री इंजीनियरिंग विभाग के वार्षिक तकनीकी महोत्सव ‘टेक्निका-2026’ का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। तीन दिवसीय इस महोत्सव का आयोजन सोसाइटी फॉर मेटालर्जिकल इंजीनियरिंग स्टूडेंट्स (SMES) द्वारा किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में टाटा स्टील के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (प्रोसेस) डॉ. अतनु रंजन पाल और विशिष्ट अतिथि के रूप में सीएसआईआर–एनएमएल के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक डॉ. गौतम सूत्रधार ने की।
इस अवसर पर संस्थान के उप-निदेशक डॉ. राम विनय शर्मा, विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार, तथा एसएमईएस के संयोजक डॉ. अरविंद गली भी मंच पर मौजूद थे। विशिष्ट अतिथि डॉ. संजय कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए ग्रीन टेक्नोलॉजी और ई-वेस्ट प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने धातु निष्कर्षण, रीसाइक्लिंग और सस्टेनेबल मैटेरियल्स के क्षेत्र में नए अनुसंधानों की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. अतनु रंजन पाल ने इस्पात उद्योग में प्रोसेस रिसर्च, क्लीन एनर्जी समाधान और तकनीकी नवाचारों के भविष्य पर अपने विचार साझा किए तथा छात्रों को अनुसंधान और नवाचार के लिए प्रेरित किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान ‘टेक्निका-2026 स्मारिका’ का भी विमोचन किया गया। महोत्सव के तहत तकनीकी प्रतियोगिताएं, विशेषज्ञ व्याख्यान और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जो छात्रों को तकनीकी ज्ञान और नवाचार से जोड़ने का मंच प्रदान करेंगी।
Also Read : स्विट्जरलैंड में सीएम हेमंत सोरेन से मिले भारत के राजदूत मृदुल कुमार


