Ramgarh : रामगढ़ पुलिस ने अंतर्राज्यीय अपराधी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गैंग के छह गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई कुज्जू क्षेत्र के व्यवसायी डब्बू सिंह के घर हुई गोलीबारी और रंगदारी मामले में की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के दो कुख्यात शार्प शूटर भी शामिल हैं, जिन्हें रांची के एक प्रतिष्ठित व्यवसायी की हत्या की सुपारी दी गई थी।
एसपी अजय कुमार ने बताया कि बीते 5 जनवरी को कुज्जू ओपी क्षेत्र के नयामोड़ निवासी व्यवसायी डब्बू सिंह के आवास पर अज्ञात अपराधियों ने रंगदारी नहीं देने पर गोलीबारी की थी। घटना के बाद अपराधियों ने मौके पर राहुल दुबे गिरोह का धमकी भरा पर्चा भी छोड़ा था, जिससे मामला गंभीर हो गया। मामले को लेकर एसपी अजय कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि यह वारदात राहुल दुबे और सत्यम शुक्ला उर्फ आशीष शुक्ला के इशारे पर कराई गई थी।
13 जनवरी को पुलिस ने NH-33 पर भोजपुर ढाबा के पास जाल बिछाकर पहले आरोपी नकुल कुमार चौहान उर्फ बिजली को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने इमामबाड़ा श्याम सरोवर ढाबा के पास जंगल में छापेमारी कर पांच अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में नकुल कुमार, राज कुमार, मुकेश करमाली, रंजीत साव, जयेशपाल और सन्नी सिंह शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से तीन हथियार समेत अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि जयेशपाल और सन्नी सिंह उत्तर प्रदेश के कुख्यात शूटर हैं, जिनका आपराधिक इतिहास रहा है और जिनका यूपी पुलिस के साथ मुठभेड़ का रिकॉर्ड भी है।
पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपियों को रांची के एक बड़े व्यवसायी की हत्या की जिम्मेदारी दी गई थी, जिसे समय रहते पुलिस ने विफल कर दिया। सभी गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की तलाश में आगे की कार्रवाई कर रही है।
Also Read : हजारीबाग में जोरदार विस्फोट, महिला समेत तीन की मौ’त, दो गंभीर


