Palamu : पलामू जिले के डालटनगंज, चैनपुर और आसपास के इलाकों में हुई चोरी व गृहभेदन की कई घटनाओं का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजा कुमार उर्फ राजा डोम (23), लक्की कुमार उर्फ लक्की डोम (19), आकाश कुमार उर्फ आकाश डोम (19), आशु कुमार उर्फ आशु चन्द्रवंशी (18) और सुनीता देवी (45) शामिल हैं। सभी आरोपी शहर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। उनके पास से भारी मात्रा में सोने और चांदी के जेवरात के साथ चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी बरामद किए गए हैं।
पलामू एसपी रिष्मा रमेशन के निर्देश पर डालटनगंज एसडीपीओ राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में डालटनगंज शहर और चैनपुर थाना की पुलिस, टेक्निकल सेल पलामू और टाइगर मोबाइल के जवान शामिल थे। पुलिस को बीते 12 जनवरी की रात गश्ती के दौरान कुछ संदिग्ध लोगों के बारे में सूचना मिली। छापेमारी कर पुलिस ने आरोपियों को चोरी के औजारों के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे रात के समय बंद घरों की रेकी कर ताला तोड़कर जेवरात और नकदी की चोरी करते थे। आरोपियों ने डालटनगंज शहर, चैनपुर, गढ़या, गढ़वा और उत्तर प्रदेश के दुद्धी थाना क्षेत्र में वारदातों को अंजाम देने की बात भी मानी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कई स्थानों से चोरी किए गए सोने व चांदी के जेवरात बरामद किए। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने कुल 14 चोरी और गृहभेदन की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से मंगलसूत्र, झुमके, अंगूठी, मंगटीका, चैन, लॉकेट, नथ, बिछिया, पायल, पुराने चांदी के सिक्के समेत बड़ी मात्रा में जेवरात बरामद किए हैं। इसके अलावा कपड़े और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। चोरी में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल, प्लास, स्क्रू-ड्राइवर और अन्य औजार भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
आपराधिक इतिहास
एसपी ने बताया कि आरोपी राजा कुमार के खिलाफ पहले से 7 मामले दर्ज हैं। लक्की कुमार पर 1 और आकाश कुमार पर 2 पुराने मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।
Also Read : बोकारो में जल जीवन मिशन को लेकर प्रशासन सख्त, 35 गांवों में होगा सेवा मूल्यांकन


