Ramgarh : रामगढ़ सिविल कोर्ट ने कोर्ट परिसर में हंगामा और मारपीट के मामले में कुख्यात शूटर शिव शर्मा को जमानत दे दी है। रामगढ़ सिविल कोर्ट के अपर प्रधान न्यायाधीश विशाल श्रीवास्तव की अदालत ने शिव शर्मा को 10-10 हजार रुपये के दो निजी मुचलकों पर जमानत की सुविधा दी है। शिव शर्मा की ओर से अधिवक्ता अमन कुमार राहुल ने अदालत में पक्ष रखा।
बताया जाता है कि यह मामला एक केस की सुनवाई के दौरान का है, जब शिव शर्मा और कुख्यात विकास पांडेय गिरोह के गुर्गों के बीच सिविल कोर्ट परिसर में ही कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट और हंगामे में बदल गया, जिससे पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था।
घटना के बाद पुलिस ने रामगढ़ थाना में कांड संख्या 317/2025 दर्ज किया। पुलिस ने कोर्ट परिसर से दो दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे थे। फिलहाल, शिव शर्मा को इस मामले में जमानत मिल गई है। हालांकि, उससे जुड़े अन्य मामलों को लेकर कानूनी प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
Also Read : अमेरिकी टैरिफ की धमकी से शेयर बाजार दबाव में, सेंसेक्स-निफ्टी कमजोर


