Dhanbad : धनबाद रिंग रोड के लिए जमीन अधिग्रहण में हुए मुआवजा घोटाले में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की टीम ने धनबाद समेत अन्य इलाकों में छापेमारी कर 16 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में भू-राजस्व विभाग से जुड़े अधिकारी, कर्मचारी और कई बिचौलिए शामिल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार ने धनबाद में रिंग रोड निर्माण के लिए रैयतों की जमीन अधिग्रहित की थी। नियमों के अनुसार जमीन मालिकों को मुआवजा दिया जाना था, लेकिन भुगतान की प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई। आरोप है कि फर्जी दस्तावेज, गलत रिकॉर्ड और बिचौलियों के जरिए मुआवजे की रकम हड़प ली गई। इस घोटाले की अनुमानित राशि करीब 300 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह मामला साल 2014 में सामने आया था। इसके बाद राज्य सरकार ने पहले निगरानी ब्यूरो और फिर एसीबी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी थी। प्रारंभिक जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर उस समय के तत्कालीन जिला भू-अर्जन पदाधिकारी उदयकांत पाठक, लाल मोहन नायक सहित कई अधिकारियों को निलंबित किया गया था।
Also Read : राज्यपाल को बम से उड़ाने की धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा


