Jamshedpur : जमशेदपुर में आजादनगर थाना क्षेत्र में 6 जनवरी को हुई छिनतई की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दाे आरोपिताें को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसकी जानकारी सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस वार्ता में दी।
सिटी एसपी ने बताया कि इस मामले में एक नाबालिग को निरूद्ध किया गया है। वहीं गिरफ्तार आरोपितों के नाम ओल्ड पुरूलिया रोड निवासी इमरान आलम (18) और मुस्तफा खेती रोड नंबर-7 निवासी मो वकील उर्फ शाहरूख (18) है। दोनों की गिरफ्तारी के बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में छीना गया पर्स और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पीड़िता सबा परवीन ने पुलिस को बताया था कि पर्स में 10 हजार रुपये नकद थे, जिसे आरोपितों ने आपस में बांट लिया था।
इस पूरे मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी दल में आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार के साथ एसआई मनीष कुमार राय, मनोज कुमार सिंह, साबिर हुसैन, ईश्वर दयाल मुंडा, दीपक कुमार रौशन और एएसआई राकेश रंजन सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
Also Read : नगर निगम की आड़ में रंगदारी, दो आरोपी गिरफ्तार


