Dhanbad : धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र में रानी रोड पर मंगलवार को एक तेज रफ्तार पल्सर बाइक और XUV कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों वाहन दुर्घटना में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घायल युवक की पहचान जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा बाबूबासा निवासी धीरज कुमार (25) के रूप में हुई है। वह लोन रिकवरी एजेंट के रूप में काम करते हैं। स्थानीय लोगों की मदद से धीरज को तुरंत एसएनएमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के बारे में आमटाल के मुखिया संजय कुमार ने बताया कि XUV कार में मौजूद शिक्षिका को छोड़कर कार चालक लौट रहा था। तभी रानी रोड के पास बाइक सामने से आ गई और दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि XUV कार का अगला हिस्सा और पल्सर बाइक दोनों पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
बलियापुर थाना के एएसआई अनिल कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। दोनों वाहन जब्त कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Also Read : बंधन चौक की राशन दुकान में रातोंरात चोरी, 1 लाख 52 हजार रुपए नकद गायब


