Jamtara (Rajiv Jha) : जामताड़ा में नववर्ष के अवसर पर जिलेवासियों की मंगल कामना को लेकर भव्य श्याम निशान यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का आयोजन जामताड़ा श्याम मंदिर कमेटी की ओर से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बाबा श्याम के भक्त शामिल हुए।
नववर्ष की पहली सुबह हटिया शिव मंदिर से श्याम प्रभु की निशान यात्रा शुरू हुई। यात्रा के सबसे आगे श्याम भगवान का रथ था, जिसके पीछे भक्ति गीतों पर झूमते सैकड़ों श्रद्धालु चल रहे थे। यह शोभायात्रा हटिया शिव मंदिर से शुरू होकर मुख्य बाजार, माता चंचला मंदिर चौक होते हुए श्याम मंदिर तक पहुंची।
श्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुभाष जाटिया ने बताया कि इस निशान यात्रा का उद्देश्य जिलेवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करना है। उन्होंने कहा कि नया साल सभी के जीवन में आनंद, शांति और समृद्धि लेकर आए, इसी प्रार्थना के साथ यह आयोजन किया गया।
निशान यात्रा में महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में निशान पताका लिए भक्तों की टोलियां भक्ति गीतों पर नाचती-गाती नजर आईं। पूरे मार्ग में श्याम प्रभु के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
Also Read : नववर्ष 2026 पर शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत, सेंसेक्स-निफ्टी चढ़े


