Jamtara : SDM अनंत कुमार ने मंगलवार को पुराने कोर्ट परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ताओं के साथ परिसर की मौजूदा स्थिति, सड़क यातायात, दुकानों और अधिवक्ता भवन का अवलोकन किया।
एसडीएम ने कहा कि वर्ष के अंतिम कार्य दिवस पर प्रशासन ने नए साल में नई सोच और नए बदलाव के साथ आगे बढ़ने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में पुराने कोर्ट परिसर को सुव्यवस्थित और बेहतर बनाने की योजना पर विचार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नए अनुमंडल कार्यालय के सामने स्थित अधिवक्ता भवन का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके अलावा लंबे समय से यहां व्यवसाय कर रहे दुकानदारों को सुनियोजित तरीके से व्यवस्थित करने की योजना है। सड़क यातायात को सुचारू रखने के लिए वाहनों की पार्किंग के लिए अलग स्थान भी चिह्नित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधिवक्ताओं ने कोर्ट परिसर से गुजरने वाले लिंक रोड पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की। अधिवक्ताओं का कहना था कि कोर्ट समय में आम लोगों की भीड़ अधिक रहती है, ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही से परेशानी और हादसे की आशंका बनी रहती है।
इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल कुमार महतो, सुरेश सिंह, संजय बर्मन, मुकेश सिंह, पप्पू सिंह, संजय तिवारी, मो. सुफियान सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।


