Gumla : गुमला जिले में एक हाइवा चालक की झुलसकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चालक ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली, जिससे वह बेतरह झुलस गये और मौके पर ही जान चली गई। मृतक की शिनाख्त 40 साल के महादेव साहू के तौर पर की गई है। घटना कामडारा थाना क्षेत्र के इचा गुटू गांव से बीती देर शाम को सामने आई है।
मानसिक रूप से थे परेशान
परिजनों के अनुसार, महादेव साहू लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान थे। महादेव करीब 20 दिन पहले गांव लौटे थे। सोमवार को उन्होंने बाजार से लगभग दो लीटर पेट्रोल खरीदा और घर पहुंचकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद आंगन में पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। उस समय घर में कोई और मौजूद नहीं था। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के ग्रामीण दौड़े आए। दरवाजा बंद होने की वजह से उन्होंने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया, लेकिन तब तक महादेव की मौत हो चुकी थी।
मामले की जांच जारी
वारदात की फैली सूचना के बाद कामडारा थाना की पुलिस स्पॉट पर पहुंची। एसआई संजय रजक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और डेड बॉडी को कब्जे में लिया। मंगलवार को बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजा गया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि महादेव पहले भी कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुके थे, जिसमें फांसी लगाने की कोशिश भी शामिल है। गांव आने के बाद उनका व्यवहार और आक्रामक हो गया था। उन्होंने पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट भी की थी, जिसके बाद पत्नी और बच्चे घर छोड़कर चले गए थे।
गांव में शोक का माहौल
महादेव साहू अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने कहा कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
Also Read : रामगढ़ पुलिस ने नव वर्ष के मौके पर बढ़ाई सुरक्षा, हाई अलर्ट जारी


