Ranchi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य के 2015 युवाओं को नए साल का तोहफा देंगे। ये वही अभ्यर्थी हैं जिन्होंने झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (सीजीएल)-2023 उत्तीर्ण की है। मुख्यमंत्री 30 दिसंबर को मोरहाबादी मैदान में दोपहर 2 बजे सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
मुख्यमंत्री सचिवालय ने कैबिनेट और जिला प्रशासन को नियुक्ति पत्र वितरण की तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया है। सीजीएल परीक्षा को लेकर राज्य में पहले विवाद उत्पन्न हुआ था और मामला झारखंड हाईकोर्ट तक पहुंचा था। हाईकोर्ट ने लंबी सुनवाई के बाद 3 दिसंबर 2025 को जेएसएससी को रिजल्ट जारी करने का आदेश दिया। इसके बाद 8 दिसंबर को नेपाल गए 10 अभ्यर्थियों को छोड़कर सभी सफल अभ्यर्थियों का रिजल्ट जारी किया गया।
रिजल्ट आने के बाद विभिन्न विभागों ने सफल अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच की और पूरी प्रक्रिया पूरी कर ली। उसके बाद मुख्यमंत्री की सहमति मिलने के बाद नियुक्ति पत्र वितरण समारोह की तिथि तय की गई।
सीजीएल परीक्षा में कुल 847 अभ्यर्थी एएसओ, 293 कनिष्ठ सचिवालय सहायक, 170 श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, 4 प्लानिंग असिस्टेंट, 191 प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, 249 प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और 178 अंचल निरीक्षक पद के लिए सफल हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार सरकार सुप्रीम कोर्ट द्वारा किसी हस्तक्षेप से पहले नियुक्ति पत्र सौंप कर सीजीएल परीक्षा को लेकर विवाद को समाप्त करना चाहती है। हालांकि, कुछ छात्र सुप्रीम कोर्ट में इस परीक्षा को लेकर कैविएट दायर किए हैं, जिस पर अभी तक कोई निर्णय नहीं आया है।
Also Read : बेशकीमती ब्लू स्टोन की तस्करी करने का आरोपी गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में पत्थर बरामद


