Jamui : मलयपुर थाना पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध हथियार सप्लाई में सक्रिय आरोपी मोहम्मद फिरोज आलम को पटना से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कई थानों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार फिरोज आलम मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर बरदह गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम तस्लीम आलम बताया गया है। पुलिस के अनुसार, फिरोज आलम अवैध हथियारों की तस्करी में सक्रिय था और खासतौर पर AK-47 जैसे अत्याधुनिक हथियारों की सप्लाई करता था। मलयपुर थाना में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
पटना में छिपे होने की मिली थी सूचना
मलयपुर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी पटना शहर के एक इलाके में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद मलयपुर पुलिस ने STF और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापेमारी की। छापेमारी के दौरान आरोपी को पकड़ लिया गया और उसे जमुई लाकर मलयपुर थाना में रखा गया।
AK-47 सप्लाई मामले में था वांछित
मलयपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विकास कुमार ने बताया कि फिरोज आलम AK-47 हथियार सप्लाई मामले में वांछित था और काफी समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में उसे गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए मुंगेर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
नेटवर्क और सहयोगियों की जांच जारी
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक नेटवर्क, हथियार सप्लाई के स्रोत और उसके अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से अंतरराज्यीय हथियार तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ेगा और आगे भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी। पुलिस इस पूरी कार्रवाई को अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक अहम सफलता मान रही है।
Also Read : सोशल मीडिया इस्तेमाल पर सेना की सख्ती, जवानों के लिए नई गाइडलाइन जारी


