Dhanbad : धनबाद पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को 23 दिसंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे सूचना मिली थी कि खालसा होटल के पास स्थित मां शांति गेस्ट हाउस में कुछ लोग साइबर ठगी में लगे हुए हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने गेस्ट हाउस में छापेमारी की। वहां से चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए। मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप चैट, बैंक खातों की जानकारी, संदिग्ध लिंक, एपीके फाइल और पैसों के लेन-देन से जुड़े सबूत मिले। पुलिस ने इन सभी का स्क्रीनशॉट लेकर साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया है।
इसके अलावा गेस्ट हाउस के सामने खड़ी एक सफेद कार को भी जब्त किया गया। कार से पांच और एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में सामने आया कि एक मोबाइल नंबर और उससे जुड़े बैंक खाते पर उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र से साइबर ठगी की चार शिकायतें पहले से दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत यादव, पवन कुमार मंडल, राहुल कुमार मंडल और विपिन कुमार पासवान के रूप में हुई है। ये सभी झारखंड और बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। पुलिस ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है और मामले में आगे भी खुलासे होने की संभावना है।


