Ranchi : झारखंड के आदिवासी छात्रों को इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कराने के लिए राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। सोमवार को ‘दिशोम गुरु शिबू सोरेन इंजीनियरिंग एवं मेडिकल कोचिंग संस्थान’ का औपचारिक उद्घाटन सीएम हेमंत सोरेन करेंगे। इस कार्यक्रम में कल्याण मंत्री चमरा लिंडा समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। उद्घाटन समारोह दोपहर 12:30 बजे होगा।
कोचिंग केंद्र रांची के हिंदपीढ़ी में कल्याण विभाग के भवन में चलेगा। इस पुराने भवन को पूरी तरह आधुनिक बनाया गया है और यहां तीन छात्रावास भी हैं। पहले चरण में 300 अनुसूचित जनजाति के छात्रों का चयन किया गया है। इन छात्रों को मुफ्त किताबें, पढ़ाई की सामग्री और रहने की सुविधा मिलेगी।
कक्षाएं प्रसिद्ध कोटा कोचिंग संस्थान ‘मोशन’ चलाएगा। चूंकि नामांकन में थोड़ी देरी हुई है, इसलिए छात्रों के लिए अतिरिक्त क्लास भी लगाई जा सकती हैं। अगले सत्र से अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्ग के छात्रों के लिए भी इसी तरह की कोचिंग शुरू की जाएगी। कल्याण मंत्री के निर्देश पर इसकी तैयारी शुरू हो चुकी है।
Also Read : 8 वर्षीय एलेक्स मुंडा की कहानी पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिया संज्ञान
Also Read : सारंडा के जंगलों में छिपे नक्सलियों के खिलाफ ओडिशा पुलिस का बड़ा कदम


