Saran : सारण जिले में बीती देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। जख्मी दोनों अपराधियों को छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, टीम हथियार बरामदगी के लिए रिवीलगंज थाना क्षेत्र के इनई बगीचा पहुंची थी। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दो बदमाश जख्मी हो गए। उनकी पहचान नगर थाना क्षेत्र के दहियावां निवासी रंजन यादव और अवतार नगर थाना क्षेत्र के धर्म बागी निवासी सोनू राय के तौर पर की गई है। दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि ये वही अपराधी हैं, जिन्होंने बुधवार रात छपरा के प्रसिद्ध डॉक्टर सजल कुमार के अपहरण की कोशिश की थी। हालांकि, भागने के दौरान बदमाशों की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे डॉक्टर उनके चंगुल से निकलने में सफल रहे। घटना के बाद अस्पताल में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक, किडनैपिंग मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर पूरे गिरोह और साजिश का खुलासा किया जा रहा है।
Also Read : CBI-ED मामलों में केस ट्रांसफर की मांग, राबड़ी देवी की याचिका पर फैसला आज


