Chaibasa : चाईबासा जिले के तांतनगर ओपी क्षेत्र के दारा गांव स्थित देवरीसाई टोला में गुरुवार तड़के एक वृद्ध का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान 60 वर्षीय दुर्गा गागराई के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही गांव में अफरा तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों के अनुसार दुर्गा गागराई का शव उनके घर से कुछ दूरी पर खेत के पास स्थित एक पेड़ में फंदे से लटका मिला। सुबह जब ग्रामीण उस ओर गए तो उन्होंने शव देखा और इसकी जानकारी परिजनों को दी।
परिवार ने बताया पूरी घटना
दुर्गा गागराई के बेटे गुरु चरण गागराई ने बताया कि बुधवार रात परिवार के सभी सदस्य एक साथ खाना खाकर सोए थे। गुरुवार सुबह वह जल्दी उठकर शौच के लिए घर से बाहर गए थे। वापस लौटने पर उन्हें गांव में फैली इस घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने गांव के मुंडा और अन्य ग्रामीणों की मदद से तांतनगर ओपी पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव उतारकर भेजा पोस्टमार्टम के लिए
सूचना मिलते ही तांतनगर ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। इसके बाद जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
मौत की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन दुर्गा गागराई ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के बाद से गांव में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।
Also Read : चाची की डांट से नाराज भतीजे ने रची लूट की साजिश, दोस्त के साथ गिरफ्तार


