Jamtara : जामताड़ा प्रखंड के आदर्श ग्राम पंचायत बड़जोड़ा में झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और झारखंड निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बिनोद बिहारी महतो की 34वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौजूद रहे। बड़जोड़ा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि देवनाथ मुर्मू, बिनोद बाबू स्मारक समिति के अध्यक्ष मन्तोष कुमार महतो और अन्य गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बिनोद बिहारी महतो का बलिदान झारखंड की मिट्टी में हमेशा अमर रहेगा। उन्होंने कहा कि बिनोद बाबू ने झारखंड आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई और उनका जीवन आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
समारोह में युवाओं की भागीदारी भी खास रही, जिससे यह संदेश गया कि नई पीढ़ी भी अपने इतिहास और शहीदों के योगदान को समझ रही है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने बिनोद बाबू के बताए रास्ते पर चलने और समाज निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
इस मौके पर अष्टम महतो, सुरेश महतो, सहायक शिक्षक गणेश महतो, संभुनाथ महतो, वार्ड सदस्य रमेश महतो, रबिन्द्र पांडेय, निमाई महतो, प्रकाश महतो, मधाई महतो, लुसा महतो, लखिन्द्र महतो, भोला पंडित, प्रेम महतो और हीरो महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


