Gumla : गुमला के डीसी प्रेरणा दीक्षित ने गुरुवार को “प्रोजेक्ट द्वार” के अंतर्गत डुमरी प्रखंड के दूरस्थ और विकासोन्मुख क्षेत्र औरापाट ग्राम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सरकारी योजनाओं की जमीन पर स्थिति का अवलोकन किया और सीधे ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं व जरूरतों को जाना।
DC ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय औरापाठ का निरीक्षण किया। बच्चों से बात करते हुए उन्होंने उनकी पढ़ाई की स्थिति समझी और खुद शिक्षक बनकर बच्चों को पढ़ाई करवाई। डीसी ने स्कूल परिसर में बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए जल्द एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने नए भवन, किचन शेड और बाथरूम निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करते हुए साफ कहा कि निर्माण में कोई कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिक्षकों को बच्चों की पढ़ाई पर पूरा ध्यान देने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न करने के सख्त निर्देश दिए गए। डीसी ने कहा कि बच्चों की शिक्षा उनके भविष्य का आधार है और इसमें किसी तरह की कमी स्वीकार नहीं की जाएगी।
ग्रामीणों से बात करते हुए उन्होंने महिलाओं द्वारा की जा रही मशरूम खेती का निरीक्षण किया। राज्य उद्यान विकास योजना के तहत जिला हॉर्टिकल्चर कार्यालय द्वारा दी गई मशरूम किट और प्रशिक्षण की प्रगति का भी उन्होंने जायजा लिया। वर्तमान में लगभग 20 घरों में मशरूम की खेती हो रही है, जिसे उन्होंने ग्रामीण आजीविका का सशक्त माध्यम बताया।
इस दौरान स्वास्थ्य, टीकाकरण, पेयजल, सिंचाई और बाजार व्यवस्था जैसी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। डीसी ने जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इस शिविर में छूटे हुए नागरिकों के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड और राशन कार्ड अपडेट किए जाएंगे। इसके साथ ही आम सभा के जरिए सहिया का चयन भी कराया जाएगा।
एक महिला की आंख में मोतियाबिंद की समस्या को देखते हुए डीसी ने सदर अस्पताल में नि:शुल्क ऑपरेशन कराने के आदेश दिए। बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने विद्युत कनेक्शन देने, खराब ट्रांसफार्मर की मरम्मत करने और क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी मजबूत करने के भी आदेश दिए गए।
इसके अलावा, आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर बच्चों की उपस्थिति, पोषण और सेवाओं की समीक्षा की गई। डीसी ने संबंधित कर्मियों को सेवाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इस दौरे में अनुमंडल पदाधिकारी, कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला हॉर्टिकल्चर पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी, कार्यपालक अभियंता लघु सिंचाई, सहायक जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।


