Giridih : गिरिडीह पुलिस ने साइबर ठगों के एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस को ‘प्रतिबिंब पोर्टल’ से मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन, आठ सिम कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
सूचना के अनुसार ताराटाड़ जाने वाली मुख्य सड़क पर, उसरी नदी पुल के पास झाड़ियों में कुछ युवक मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन ठगी कर रहे थे। इसे सत्यापित करने के बाद पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम) आबिद खां के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल बनाया गया। दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जमुआ थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव निवासी रोहित कुमार शर्मा (19) और रंजीत कुमार यादव (26) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फोनपे और गूगल पे जैसे ऑनलाइन भुगतान ऐप्स पर रैंडम नंबर डालकर सक्रिय यूपीआई खातों की जानकारी निकालते थे। इसके बाद वे उन नंबरों पर कॉल करके खुद को किसी वित्तीय संस्था या कस्टमर केयर का प्रतिनिधि बताते और लोगों से ठगी करते थे। ठगी की गई रकम वे ‘Lotus Ne’ नामक ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए अपने खातों में ट्रांसफर कर लेते थे।
पुलिस ने बताया कि मामले में साइबर थाना में कांड संख्या 41/2025 दर्ज की गई है और आरोपियों से पूछताछ जारी है। इसके अलावा पुलिस उनके नेटवर्क में शामिल अन्य सदस्यों और ठगी के तरीकों की भी जांच कर रही है।
गिरिडीह पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात कॉल या लिंक पर अपनी बैंक या निजी जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
Also Read : लखनऊ टी20 मैच रद्द होने पर क्या मिलेगा टिकट का रिफंड? यहां जानें पूरी जानकारी


