Johar Live Desk : भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत हल्की बढ़त के साथ हुई। बीएसई का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 176 अंकों की मजबूती के साथ 84,856 के स्तर पर खुला। वहीं एनएसई का निफ्टी 50 भी 42 अंक चढ़कर 25,902 पर खुला, हालांकि कुछ ही देर में इसमें उतार-चढ़ाव देखने को मिला और यह मामूली बढ़त के साथ 25,861 के आसपास पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में बाजार की चाल सतर्क बनी रही।
शेयर बाजार में हल्की मजबूती के बीच रुपये पर दबाव बना रहा। रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले गिरावट के साथ 91.07 के स्तर पर खुला। निवेशकों की नजर वैश्विक संकेतों और डॉलर की चाल पर बनी हुई है।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार गिफ्ट निफ्टी के संकेत पहले से ही सपाट शुरुआत की ओर इशारा कर रहे थे। गिफ्ट निफ्टी 25,937 के आसपास कारोबार करता दिखा, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद स्तर से मामूली ऊपर था। इसका असर घरेलू बाजार की सीमित तेजी के रूप में देखने को मिला।
वैश्विक स्तर पर भी बाजारों का रुख मिला-जुला रहा। अमेरिका में कमजोर जॉब डेटा के बाद फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर निवेशक अभी साफ संकेतों का इंतजार कर रहे हैं। इसका असर एशियाई बाजारों पर भी पड़ा, जहां ज्यादातर सूचकांक सतर्क नजर आए। जापान को छोड़कर एशिया-प्रशांत क्षेत्र का एमएससीआई इंडेक्स हल्की बढ़त में रहा, जबकि जापान का निक्केई थोड़ा कमजोर हुआ।
वॉल स्ट्रीट पर मंगलवार को मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। डॉव जोंस में गिरावट दर्ज की गई, जबकि नैस्डैक में हल्की बढ़त रही। एसएंडपी 500 भी कमजोरी के साथ बंद हुआ। अमेरिकी डॉलर भी कमजोर रहा, जिससे डॉलर इंडेक्स में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई।
गौरतलब है कि मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। रुपये में कमजोरी और वैश्विक बाजारों से मिले नकारात्मक संकेतों के कारण सेंसेक्स 534 अंक गिरकर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी में भी करीब 167 अंकों की गिरावट दर्ज की गई थी। ऐसे में आज का कारोबार निवेशकों के लिए सतर्कता भरा बना हुआ है।


