Ranchi : झारखंड हाई कोर्ट से संबंधित मामलों को लेकर पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों और इकाइयों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। मुख्यालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि हाई कोर्ट में प्रतिनियुक्त नोडल पदाधिकारी की पूरी जानकारी 24 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
यह निर्देश जंगल वारफेयर स्कूल नेतरहाट, रांची, धनबाद और जमशेदपुर के एसएसपी के साथ रेल पुलिस, झारखंड जगुआर, विशेष शाखा, एटीएस, सीटीसी मुसाबनी, जेएपीटीसी पदमा, झारखंड पुलिस अकादमी हजारीबाग समेत सभी संबंधित इकाइयों को दिया गया है। इसके अलावा झारखंड सशस्त्र पुलिस, आईआरबी, एसआईआरबी, एसआईएसएफ और अन्य बलों के सभी समादेष्टा तथा टीटीएस जमशेदपुर के डीएसपी को भी आदेश से अवगत कराया गया है।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक जिला और इकाई अपने यहां से उच्च न्यायालय में तैनात नोडल पदाधिकारी का विवरण निर्धारित प्रारूप में भेजेगी। इसमें पद और नाम, मोबाइल नंबर, प्रतिनियुक्ति की तिथि, सौंपे गए कार्यों का ब्योरा और अभियुक्ति से जुड़ी जानकारी शामिल रहेगी। पत्र में यह भी कहा गया है कि मामला अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर लिया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी को गंभीरता से देखा जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, हाई कोर्ट में लंबित मामलों से जुड़े पत्राचार, जवाबी हलफनामे और आपसी समन्वय को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह जानकारी मांगी गई है। सभी इकाइयों से प्राप्त विवरण के आधार पर पुलिस मुख्यालय एक समेकित सूची तैयार करेगा, ताकि न्यायालय से जुड़े मामलों में समय पर और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Also Read : गिरिडीह के जंगल से मिली बोकारो के अपहृत जयंत सिंह की लाश, मास्टरमाइंड सहित छह गिरफ्तार


