Johar Live Desk : घरेलू शेयर बाजार कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच दबाव में नजर आए। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सुस्ती और निवेशकों की सतर्कता का असर भारतीय बाजार पर पड़ा, जिससे शुरुआती सत्र में दोनों प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ खुले। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में करीब 280 अंक टूटकर 84,989 के स्तर पर आ गया। वहीं एनएसई निफ्टी भी लगभग 81 अंक फिसलकर 25,966 के आसपास कारोबार करता दिखा। बाजार जानकारों का कहना है कि फिलहाल निवेशक जोखिम से दूरी बनाए हुए हैं।
तकनीकी नजरिये से देखें तो निफ्टी के लिए 25,850–25,900 का दायरा मजबूत सहारा माना जा रहा है, जबकि ऊपर की ओर 26,150–26,200 के स्तर पर रुकावट है। विशेषज्ञों के अनुसार, 26,200 के ऊपर मजबूती आने पर ही बाजार में तेजी का नया दौर शुरू हो सकता है।
शुरुआती ट्रेडिंग में अधिकांश बड़े शेयरों में बिकवाली देखी गई। महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व, पावर ग्रिड, सन फार्मा, कोटक महिंद्रा बैंक, इंफोसिस, टीसीएस और मारुति सुजुकी जैसे शेयर दबाव में रहे।
वहीं एशियन पेंट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल), हिंदुस्तान यूनिलीवर और अल्ट्राटेक सीमेंट कुछ गिने-चुने शेयर रहे, जो बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए।
बाजार के अन्य हिस्सों में भी कमजोरी का माहौल रहा। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में हल्की गिरावट दर्ज की गई। सेक्टरवार बात करें तो रियल्टी शेयरों पर सबसे ज्यादा दबाव दिखा, जबकि ऑटो और फार्मा सेक्टर भी नुकसान में रहे।


