Palamu : पलामू के मनातू थाना क्षेत्र के अपटी गांव में शुक्रवार को वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध अफीम उन्मूलन अभियान चलाया। यह कार्रवाई जंगली इलाके में की गई, जहां ड्रोन की मदद से अफीम की खेती का सटीक स्थान पता चला। टीम ने पहले इलाके में ड्रोन कैमरा उड़ाया। ड्रोन से मिले वीडियो और लोकेशन के आधार पर अधिकारियों को पता चला कि वन विभाग की जमीन पर बड़े पैमाने पर अवैध खेती की जा रही थी। जानकारी मिलते ही संयुक्त टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पांच एकड़ में फैली फसल नष्ट
अधिकारियों ने बताया कि करीब पांच एकड़ वन भूमि पर अफीम की फसल उगाई गई थी। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत खेत में ट्रैक्टर चलवाकर पूरी फसल को नष्ट कर दिया गया। मौके से किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई, लेकिन जांच जारी है।
आरोपियों की पहचान प्रक्रिया शुरू
वन विभाग और पुलिस टीम उन लोगों के नाम-पते की पुष्टि कर रही है, जो इस अवैध खेती में शामिल हो सकते हैं। सत्यापन पूरा होते ही उनके खिलाफ वन वाद अधिनियम समेत अन्य कानूनों के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने कहा कि जिले में अवैध अफीम की खेती को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस और वन विभाग आगे भी ऐसे विशेष अभियान चलाते रहेंगे ताकि इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।


