Chaibasa : चाईबासा पुलिस ने मंझारी थाना क्षेत्र के कुन्दरुगुटु गांव में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई जांच में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में मिलावटी अंग्रेजी शराब जब्त की।
सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने शनिवार को कुन्दरुगुटु गांव में कुन्दरा तांती (54) की राशन दुकान पर छापा मारा। दुकान से बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसके कोई वैध कागजात नहीं थे। कुन्दरा तांती को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
कुन्दरा तांती के निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम बालन्डिया टोला गुटुसाई और सेरेंगसिया में भी छापेमारी की। इन छापों में यदुनाथ लागुरी उर्फ अरुण (29) और हरिश चंद्र लागुरी (28) को गिरफ्तार किया गया। इनके घरों और दुकानों से भी बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।
पुलिस ने कुल 111 बोतलें (180 मिलीलीटर), 19 बोतलें (375 मिलीलीटर), 14 बोतलें (750 मिलीलीटर) अंग्रेजी शराब, 27 बोतलें बीयर और 4 मोबाइल फोन जब्त किए। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब कारोबार पर पुलिस की कड़ी निगरानी जारी रहेगी और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार की जाएगी।


