Hazaribagh : जिले के लगभग 67 हजार 300 छात्रों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस समस्या को लेकर छात्र अब आंदोलन की राह पर हैं। आजसू पार्टी के नेतृत्व में छात्रों ने भिक्षा आंदोलन की शुरुआत की। छात्र गांधी मैदान से समाहरणालय तक पैदल मार्च कर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं।
हजारीबाग जिले में ओबीसी, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लगभग 71 हजार छात्रों ने ई-कल्याण स्कॉलरशिप के लिए आवेदन किया था। लेकिन अब तक केवल 3700 छात्रों को ही स्कॉलरशिप मिल पाई है।
आंदोलन में शामिल आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव संजय मेहता ने कहा कि राज्य भर में लंबित छात्रवृत्ति के लिए आजसू पार्टी राज्य स्तरीय आंदोलन चला रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार छात्रवृत्ति के मामले में स्पष्टता नहीं दिखा रही है और वित्तीय प्रबंधन सही नहीं होने के कारण पैसा अन्य कल्याणकारी योजनाओं में खर्च हो रहा है।
छात्रों का कहना है कि स्कॉलरशिप नहीं मिलने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई छात्रों को अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ रही है और उन्हें रोजमर्रा की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आजसू नेताओं ने चेतावनी दी है कि राज्य सरकार ने जब तक छात्रवृत्ति राशि जारी नहीं की, आंदोलन लगातार जारी रहेगा।


