Gumla : गुमला में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिशनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुमला एसपी हरीश बिन जमा के निर्देश पर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद बिशनपुर में एक कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 85 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत करीब 4 लाख 60 हजार रुपए आंकी गई है। एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें डीएसपी रोड के 22 वर्षीय शिवा कुमार साहू, राजा कॉलोनी के 24 वर्षीय रोजामत अंसारी, मुरली बगीचा के 22 वर्षीय दीपक चिक बड़ाईक और छत्तीसगढ़ के कोरबा की 25 वर्षीय वर्षा रानी भगत शामिल हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस जांच में पता चला है कि ये सभी आरोपी डाल्टेनगंज से ब्राउन शुगर खरीदकर गुमला ला रहे थे। तस्करी को छुपाने के लिए कार पर शादी का स्टिकर लगाया गया था ताकि पुलिस को शक न हो। पुलिस ने कार से ब्राउन शुगर के साथ चार मोबाइल फोन और 61 हजार रुपए नगद भी जब्त किए हैं। तस्कर इस नशीले पदार्थ को गुमला के अलग-अलग क्षेत्रों में बेचने की योजना बना रहे थे, लेकिन बिशनपुर पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही पकड़ लिया।
Also Read : फल व्यवसायी का बंधा हुआ मिला श’व


