Sahibganj : साहिबगंज नगर थाना क्षेत्र के तालबन्ना मोहल्ले में मंगलवार सुबह लगभग 70 वर्षीय विश्वनाथ गुप्ता का शव उनके घर से बरामद हुआ। फल व्यवसायी विश्वनाथ गुप्ता के हाथ-पांव बंधे हुए थे और उनके मुंह पर टेप लगा था। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस का कहना है कि शुरुआत से ही मामला हत्या का लग रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम
सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता, जीरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, गंगा नदी थाना प्रभारी लव कुमार और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। बाद में मुख्यालय डीएसपी विजय कुमार कुशवाहा भी पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। डीएसपी ने बताया कि मृतक विश्वनाथ गुप्ता घर में अकेले रहते थे और शुरुआती जांच में हत्या की संभावना मजबूत लग रही है। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर सबूत इकट्ठे किए जा रहे हैं।
बेंगलुरु में रहने वाले मृतक के बेटे संतोष गुप्ता ने बताया कि उनके पिता की हत्या लूटपाट के इरादे से की गई होगी, क्योंकि उनके पास पैतृक संपत्ति थी। घर की अलमारी का दरवाजा टूटा हुआ मिला है। परिवार ने भी हत्या की आशंका जताई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच जारी रखे हुए है।
Also Read : फिर रिमांड पर लिये गये IAS विनय चौबे

