Giridih : सऊदी अरब में क्रॉस फायरिंग में मारे गए झारखंड के 26 वर्षीय विजय कुमार महतो का शव जल्द भारत लाया जा सकता है। झारखंड के श्रम विभाग ने भारतीय दूतावास से संपर्क कर विजय का शव वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विजय का निधन 16 अक्टूबर को जेद्दा में पुलिस और एक्सटॉर्शन गैंग के बीच हुई फायरिंग में हुआ था।
श्रम विभाग की माइग्रेंट कंट्रोल सेल की टीम की प्रमुख शिखा लाकड़ा ने बताया कि उन्हें गिरिडीह से सऊदी अरब में एक प्रवासी श्रमिक की मौत की सूचना मिली और उसका शव वापस लाने का अनुरोध प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि विभाग ने तुरंत भारतीय दूतावास से संपर्क किया और जेद्दा पुलिस से औपचारिकताएं पूरी करने का प्रयास कर रहा है, ताकि शव को विजय के पैतृक स्थान पर लाया जा सके।
सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली ने बताया कि विजय डुमरी प्रखंड के मध गोपाली पंचायत के दुधपनिया गांव के रहने वाले थे और पिछले नौ महीने से सऊदी अरब की एक निजी कंपनी में काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 16 अक्टूबर को विजय ने अपनी पत्नी बसंती देवी को वॉट्सऐप पर संदेश भेजा था कि फायरिंग के बीच वह फंस गया है और उसे चोटें आई हैं। विजय की कंपनी ने 24 अक्टूबर को परिवार को उसकी मौत की सूचना दी।

Also Read : गुमला सदर अस्पताल का ब्लड बैंक बंद, मरीजों की बढ़ी परेशानी

