Patna : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मोकामा सीट पर तनाव बढ़ गया है। जेडीयू प्रत्याशी और बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह पर हत्या का मामला दर्ज हुआ है। गुरुवार को मोकामा के टाल क्षेत्र में दुलारचंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया है और पुलिस गांवों में कैंप कर रही है।
अनंत सिंह समेत पांच पर FIR
पुलिस ने मृतक दुलारचंद यादव के पोते के बयान पर अनंत सिंह, उनके दो भतीजों रणवीर और कर्मवीर समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद FIR दर्ज की है। परिजनों का आरोप है कि अनंत सिंह के लोगों ने पहले गोली मारी और फिर गाड़ी चढ़ाकर दुलारचंद की हत्या कर दी। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस का बयान :
पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि मोकामा के तारतर गांव के पास दो पक्षों के बीच झड़प हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस को वहां 2–3 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हालत में मिलीं। इनमें से एक गाड़ी में दुलारचंद यादव का शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि दुलारचंद पर पहले से हत्या और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज थे।

अनंत सिंह ने आरोपों से किया इनकार
अनंत सिंह ने हत्या के आरोपों को साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि वे प्रचार कर लौट रहे थे और आगे निकल गए थे। पीछे रह गई गाड़ियों पर जन सुराज पार्टी के समर्थकों ने हमला किया। उन्होंने इस घटना के लिए राजद नेता सूरजभान सिंह को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि सूरजभान ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की।
कैसे हुआ विवाद
गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी खुशहाल चक इलाके में प्रचार कर रहे थे। उनके साथ दुलारचंद यादव भी मौजूद थे। उसी रास्ते से जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह का काफिला गुजर रहा था। दोनों दलों के समर्थकों के बीच पहले गाली-गलौज, फिर ईंट-पत्थरबाजी हुई। कुछ ही देर में गोली चली और दुलारचंद यादव की मौके पर मौत हो गई। फिलहाल मोकामा क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर हालात पर नजर रखी है।
Also Read : नवंबर में 13 दिन बंद रहेंगे बैंक… जानें कब नहीं होंगे कामकाज

 

