Gumla : गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। किरतो टोली गांव के समीप सड़क पर अचानक मवेशी के दौड़ जाने से बाइक सवार दंपती हादसे का शिकार हो गए। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के अनुसार, डुमरी थाना क्षेत्र के हुंटार बरटोली गांव निवासी 45 वर्षीय बसंत महतो अपनी पत्नी फकली देवी के साथ चैनपुर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान किरतो टोली गांव के पास अचानक एक मवेशी सड़क पर आ गया। तेज रफ्तार में आ रही बाइक उस मवेशी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने की मदद, अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बसंत महतो को मृत घोषित कर दिया, जबकि फकली देवी का इलाज जारी है। हादसे में उनका एक हाथ टूट गया है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
घटना की सूचना मिलते ही गुमला थाना के एसआई विनय कुमार महतो अस्पताल पहुंचे और शव का पंचनामा तैयार किया। सोमवार की सुबह करीब 11 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

गांव में पसरा मातम
बसंत महतो की मौत की खबर मिलते ही उनके गांव हुंटार बरटोली में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोगों ने बताया कि बसंत महतो शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और मजदूरी कर परिवार चलाते थे।
Also Read : चाईबासा में लाठीचार्ज पर सियासत गरम, दो पूर्व मुख्यमंत्रियों ने की कड़ी निंदा

